गोंडा। एसओजी व नगर कोतवाली पुलिस ने वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 490 लीटर डीजल और फर्जी नंबर प्लेट लगी स्कार्पियो व जायलो गाड़ी के साथ ही तमंचा, कारतूस व कुछ उपकरण बरामद हुए हैं। गिरोह के बदमाश वाहनों से डीजल चोरी करके बेचते थे। पुलिस गिरोह के बदमाशों का गैंगचार्ट भी तैयार करेगी।
एसपी संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि नगर कोतवाली पुलिस व एसओजी को ढाबों के पास खड़े वाहनों से डीजल चोरी की सूचना काफी दिनों से मिली रही थी। इस पर पुलिस टीम ने गुरुवार को राजेश तिवारी निवासी ठाकुर पुरवा, खोरहंसा, कोतवाली देहात, सोनू तिवारी निवासी ठाकुरपरवा खोरहंसा कोतवाली देहात व मातादीन दीक्षित निवासी दीक्षित पुरवा मगहरिया दुबहा बाजार, थाना कौड़िया को गिरफ्तार किया है। तीनों के पास से सात कैन व एक ड्रम में भरा 490 लीटर चोरी का डीजल, दो पेंचकस, एक पाना, एक कटर, एक रिंच, प्लास्टिक के दो पाइप, तेल निकालने की एक मशीन, 12 बोर के दो तमंचे, तीन कारतूस, फर्जी नंबर प्लेट लगी एक स्कार्पियो व एक जायलो गाड़ी कार बरामद हुई है।
एसपी ने बताया कि पकड़े गये आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे हाईवे के किनारे, ढाबों के पास खड़े वाहनों से डीजल चोरी करके स्कार्पियो व जायलो गाड़ी में रखे ड्रम में भरते थे। फिर उसे दूरदराज ले जाकर कम दाम में बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे। एसपी के मुताबिक गिरोह के बदमाश अपने पास असलहे रखते हैं और चोरी करते समय अगर कोई देख ले तो धमकाते थे।
एसपी ने बताया कि आरोपी स्कार्पियो व जायलो पर फर्जी नंबर प्लेट इसलिए लगाते थे कि अगर किसी ने चोरी करते समय देखकर उनके वाहनों के नंबर नोट भी कर लिया तो भी वो पकड़े न जा सकें। तीनों के खिलाफ नगर कोतवाली में केस दर्ज किया गया है। गिरोह का गैंगचार्ट भी तैयार किया जाएगा।