फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: नया घाट पुल पर सिर्फ पैदल जा सकेंगे श्रद्धालु

Fri, 07 Aug 2026 11:20 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
रूट डायवर्जन के मद्देनजर निरीक्षण करते एसपी।
विज्ञापन
गोंडा। सावन माह में अयोध्या में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने डायवर्जन व्यवस्था लागू की है। इसका पहला चरण शनिवार 8 अगस्त सुबह आठ बजे से 12 अगस्त सुबह आठ बजे तक प्रभावी रहेगा। इस अवधि में लकड़मंडी तिराहे से नया घाट पुल (अयोध्या) तक सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग पर सिर्फ पैदल ही जाने की अनुमति होगी।
विज्ञापन

दूसरे चरण में 14 अगस्त सुबह आठ बजे से 17 अगस्त की रात 11 बजे अथवा भीड़ समाप्त होने तक मणिपर्वत (सावन झूला) मेला, सावन माह के तीसरे सोमवार और नागपंचमी पर डायवर्जन लागू रहेगा। तीसरा चरण 23 अगस्त सुबह आठ बजे से 24 अगस्त रात 11 बजे तक प्रभावी रहेगा। चौथे और अंतिम चरण में 27 अगस्त सुबह आठ बजे से 28 अगस्त रात 11 बजे तक श्रावण पूर्णिमा, रक्षाबंधन और मेले के समापन अवसर पर लागू रहेगा।

इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
करनैलगंज-परसपुर-तरबगंज-नवाबगंज मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। करनैलगंज, परसपुर और तरबगंज से नवाबगंज आने वाले भारी वाहनों को कटी तिराहे से मनकापुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जबकि अन्य चारपहिया वाहन टिकरी मोड़-कोल्हमपुर-लोलपुर मार्ग से संचालित होंगे। कटी तिराहा से अयोध्या की ओर केवल कांवड़ यात्रियों के वाहनों को ही प्रवेश मिलेगा। लोलपुर से नवाबगंज जाने वाले वाहनों को भी कोल्हमपुर मार्ग से भेजा जाएगा।
विज्ञापन


गोंडा शहर जाने वाले वाहन होंगे डायवर्ट
लखनऊ से बाराबंकी और गोंडा होकर बस्ती, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर तथा संतकबीरनगर जाने वाले वाहनों को दर्जीकुआं से मोड़कर झिलाही रेलवे क्रॉसिंग-मनकापुर-उतरौला-डुमरियागंज मार्ग होते हुए भेजा जाएगा। लखनऊ से गोंडा होकर पूर्वांचल की ओर जाने वाले वाहनों को दर्जीकुआं-मोतीगंज-मनकापुर-मसकनवा-बभनान मार्ग से निकाला जाएगा।
गोंडा शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर धानेपुर-उतरौला मार्ग होते हुए बेवा चौराहा और डुमरियागंज की ओर डायवर्ट किया जाएगा, ताकि शहर में यातायात का दबाव कम रहे।

भारी वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था : अयोध्या प्रशासन के निर्देश पर लखनऊ से गोरखपुर जाने वाले भारी वाहनों को सामान्य दिनों में भी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का उपयोग करने की सलाह दी गई है। पर्वों के दौरान लखनऊ-बाराबंकी-रामनगर (महादेवा मंदिर) मार्ग पर भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती और गोंडा से अयोध्या होकर लखनऊ जाने वाले भारी वाहनों को जरवल रोड-टिकोरा मोड़-चहलरीघाट-सिधौली-सीतापुर मार्ग से भेजा जाएगा।
सावन के सोमवार और अन्य प्रमुख पर्वों के दौरान गोंडा से लखनऊ जाने वाले भारी वाहनों को जरवल रोड-बाराबंकी मार्ग पर प्रवेश नहीं मिलेगा। इन्हें हुजूरपुर मोड़-टिकोरा मोड़-चहलरीघाट-सिधौली-सीतापुर मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर उतरौला और बलरामपुर से आने वाले भारी वाहनों को जानकीनगर पुलिस चौकी (इटियाथोक) से आर्यनगर-कटरा बाजार-करनैलगंज मार्ग के जरिए भेजा जाएगा।

एसपी ने अयोध्या सीमा पर परखी सुरक्षा व्यवस्था
नवाबगंज। सावन मास में कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने शुक्रवार को गोंडा-अयोध्या सीमा का निरीक्षण किया। उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्ग, रूट डायवर्जन व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों और प्रमुख चौराहों का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
एसपी ने रूट डायवर्जन व्यवस्था का प्रभावी पालन कराने, श्रद्धालुओं और आमजन को असुविधा न होने देने तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने थानाध्यक्ष नवाबगंज अभय सिंह से यात्रा मार्ग पर लगातार गश्त, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। इस दौरान बैरिकेडिंग, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की गई। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें