गोंडा के ऐतिहासिक पृथ्वीनाथ मंदिर में स्थापित शिवलिंग। - संवाद
गोंडा। सावन के दूसरे सोमवार पर जिले के सभी शिवमंदिरों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। इसको लेकर जिला प्रशासन व मंदिर समिति की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
शहर में सोमवार को रूट डायवर्जन लागू होगा। सावन माह के दूसरे सोमवार पर दुखहरण नाथ मंदिर में भोर से ही जलाभिषेक शुरू हो जाएगा। मुख्य मार्ग पर मंदिर होने के कारण लोगों को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। बड़गांव पुलिस चौकी से गुरुनानक चौक के बीच सभी वाहनों का संचालन बंद रहेगा। गुरुनानक चौक जाने वाले वाहन मिश्रौलिया पुलिस चौकी होते हुए जाएंगे। मनकापुर तिराहा से गुरुनानक चौक जाने वाले सभी वाहन मिश्रौलिया के रास्ते जाएंगे। दुखहरणनाथ मंदिर में सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। महिला आरक्षी भी मुस्तैद रहेंगी। सीसीटीवी कैमरों के अलावा ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की जाएगी। खरगूपुर के पृथ्वीनाथ मंदिर में भी अतिरिक्त व्यवस्था की गई है। मंदिर के रास्ते पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। पुलिसकर्मियों के अलावा सामाजिक संगठनों के लोग भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करेंगे।