जेठ के पहले मंगल पर सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। संकट से मुक्ति दिलाकर सबकी मनोकामना पूरी करने वाले बजरंग बली की लोगों ने आराधना की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह प्याऊ लगाए और प्रसाद बांटा।
जेठ के पहले मंगलवार को सुबह से ही नगर में दुखहरणनाथ मंदिर के बगल स्थित पुरानी हनुमानगढ़ी व मालवीयनगर स्थित हनुमानगढ़ी पर दिन भर श्रद्धालुओं का जमावड़ा रहा।
हनुमान चालीसा, को नहि जानत है जग में कपि संकट मोचन नाम तिहारो सहित अन्य भक्ति गीतों से श्रद्धालु हनुमान जी को रिझाने की कोशिश करते नजर आए।
बलरामपुर रोड स्थित जयनगरा में चंटू बाबा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने जेठ के पहले मंगल पर राहगीरों को शरबत पिलाया और प्रसाद बांटा। इसके अलावा नगर में तमाम स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह प्याऊ लगाए और प्रसाद बांटा गया। प्रसाद पाने के लिए स्टालों पर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही।