देवरिया अलावल-पारासराय मार्ग की बदहाली को लेकर मंगलवार को गुस्साए ग्रामीणों ने बग्गी रोड कस्बे में धरना-प्रदर्शन किया और गोंडा-उतरौला मार्ग जाम कर दिया। इस दौरान लोगाें ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
इससे करीब सवा घ्ंाटे तक गोंडा-उतरौला मार्ग पूरी तरह बंद रहा और लोगाें को आवागमन में दिक्कतें हुईं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि रमजान माह के पहले सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो वे फिर से आंदोलन करेंगे।
बग्गी रोड कस्बे से निकलने वाली 15 किमी लंबी देवरिया अलावल पारासराय सड़क पर नौव्वागांव, रानीपुरवा, एकडंगा, बैजपुर, दरियापुर समेत करीब 40 गांवों के लोग इस मार्ग से होकर गुजरते हैं।
तीन वर्षों से यह सड़क बदहाली की शिकार है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। इन गड्ढों में अक्सर राहगीर गिरकर चोटिल हो जाते हैं। पिछले वर्ष रमजान के महीने में देवरिया अलावल गांव के लोगों ने इस सड़क के निर्माण को लेकर धरना-प्रदर्शन व चक्का जाम किया था।
उस समय के तत्कालीन जिलाधिकारी ने बरसात के बाद सड़क की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया था। डीएम रहे अजय कुमार उपाध्याय ने बग्गी रोड से देवरिया अलावल गांवकरीब पांच सौ मीटर सीसी सड़क व जलनिकासी के लिए सड़क के दोनों तरफ नाली बनवाने का का भी निर्देश दिया था। लेकिन बरसात बीतने के बाद जिम्मेदार इस सड़क की मरम्मत कराना भूल गए।
जिला प्रशासन की इस वादाखिलाफी से नाराज ग्रामीणों ने 20 मई को जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आंदोलन की चेतावनी दी थी। इस सड़क की बदहाली को लेकर देवरिया अलावल गांव के समाजसेवी मुस्लिम पठान के नेतृत्व में तमाम ग्रामीणों ने मंगलवार को कस्बा बग्गी रोड में सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया।
लोगों ने गोंडा-उतरौला मार्ग भी करीब सवा घंटे तक जाम रखा। मौके पर पहुंचे तहसीलदार सदर विजय कुमार गुप्ता ने लोगों को समझाकर शांत कराया।