गोंडा। करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र के कड़रू स्थित विधायक अजय सिंह के कैंप कार्यालय में भाजपा की ओर से मतदाता जोड़ो अभियान-2026 के तहत कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने और सूची को त्रुटिरहित व अद्यतन बनाने के लिए बूथ स्तर पर अभियान तेज करने की रणनीति बनाई गई।
कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधानसभा प्रभारी प्रमोद तिवारी, विधायक अजय सिंह, जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी और चेयरमैन वासुदेव सिंह ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पार्चन और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि प्रमोद तिवारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
उन्होंने एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं, नवविवाहिताओं और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए लोगों का पंजीकरण कराने की अपील की। विधायक अजय सिंह ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय होकर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष ने मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने पर जोर दिया।
इस दौरान अभियान के तहत आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ का नारा लगाकर उत्साह जताया। इस मौके पर सूरज सिंह, वंशबहादुर सिंह, रामकुमार पांडेय, बृजेश सिंह, ऋचा पांडेय सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।