गोंडा। स्वास्थ्य महानिदेशक के निर्देश पर जिले के अस्पतालों की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी गई है। जिले के सभी 16 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में डेंगू वार्ड बनाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही हाईवे किनारे स्थित अस्पतालों की सुविधाएं और बेहतर करने को कहा गया है।
सीएमओ डॉ. संतलाल पटेल ने बताया कि सभी सीएचसी में डेंगू वार्ड तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तुरंत भर्ती किया जा सके और आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया है, जिससे मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
हीट वेव को देखते हुए सभी अस्पतालों में कम से कम दो बेड लू से पीड़ित मरीजों के लिए आरक्षित रखने और आवश्यक दवाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि अस्पताल आने वाले मरीजों को बाहर की दवाएं या जांच न लिखी जाएं। सभी दवाएं और जांच अस्पताल से ही उपलब्ध कराई जाएं अन्यथा संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। निर्देशों के अनुपालन की निगरानी एसीएमओ को सौंपी गई है।