इटियाथोक। पारासराय में पान की दुकान लगाने के एवज में 40 हजार रुपये रंगदारी मांगने और दुकानदार को पीटकर नकदी छीनने के आरोप में पुलिस ने रविवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से तीन हजार रुपये बरामद हुए हैं। दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
बलरामपुर के नगर कोतवाली के पूरब टोला पूर्वी निवासी संजीव सेन पारासराय में पान की दुकान चलाते हैं। तहरीर के मुताबिक, शुक्रवार को बेंदुली निवासी आनंद तिवारी एक अज्ञात व्यक्ति के साथ बाइक से उनकी दुकान पर पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने दुकान लगाने के एवज में 40 हजार रुपये मांगे। विरोध पर गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद जबरन बाइक पर बैठाकर खरगूपुर रोड पर ले गए और वहां 10 हजार रुपये छीन लिए। जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों खरगूपुर की ओर भाग गए।
सीओ सदर अभिषेक दवाच्या ने बताया कि थानाध्यक्ष गौरव सिंह तोमर की टीम ने रविवार को आनंद तिवारी को करूवापारा के पास गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से तीन हजार रुपये बरामद हुए हैं।