गोंडा। मसकनवा विद्युत उपकेंद्र के भूमि विवाद का मामला न्यायालय पहुंच गया है। बैनामेदार भाजपा नेता ने मुख्य अभियंता, एक्सईएन व जेई के खिलाफ मानहानि का केस दाखिल कर आरोपियों को तलब करके दंडित करने की मांग की है।
सिविल लाइंस निवासी भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष और अवध क्षेत्र के मौजूदा उपाध्यक्ष पीयूष मिश्र ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में परिवाद दाखिल किया है। इसमें बताया कि वह राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी के जिलाध्यक्ष रहे हैं और समाज में उनका सम्मान है। उन्होंने स्वयं, अनिरुद्ध कुमार व विशाल कुमार ने मनकापुर तहसील क्षेत्र के मसकनवा स्थित भूमि गाटा संख्या-46 के आधे हिस्से के मालिकान दिनेश चंद्र आदि से जमीन खरीदी और बैनामे का पंजीकरण कराया था। मगर विद्युत वितरण देवीपाटन जोन के मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ, विद्युत वितरण खंड चतुर्थ के अधिशासी अभियंता कमर फारुख व मसकनवा उपकेंद्र के जेई विकास कुमार सिंह ने भूमि हड़पने के उद्देश्य से विभाग की बताई और परिवादी व अन्य खरीदारों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के लिए एसपी को प्रार्थनापत्र दिया। इससे परिवादी की प्रतिष्ठा धूमिल हुई है। बृहस्पतिवार को सुनवाई के दौरान सीजेएम अमित सिंह ने परिवाद दर्ज करने का आदेश दिया। कोर्ट ने परिवादी के बयान के लिए आगामी 22 दिसंबर की तिथि नियत की है।