बभनान (गोंडा)। कस्बे के निकट शिवपरसा गांव निवासी एक युवक ने लोक सेवा आयोग मध्यप्रदेश की परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। उसकी सफलता से परिवारीजनों तथा क्षेत्रीय लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। विकासखंड छपिया क्षेत्र के शिवपरसा गांव निवासी दीप नारायण मौर्य पुत्र रामसागर मौर्य ने बताया कि प्रारंभिक शिक्षा हाई स्कूल वर्ष 2005 में जनता इंटर कॉलेज बभनान व 2007 में इंटरमीडिएट किसान इंटर कॉलेज बभनान से उत्तीर्ण किया।
वर्ष 2010 में स्नातक की पढ़ाई आचार्य नरेंद्र देव किसान पीजी कॉलेज बभनान से पूरा होने के बाद 2012 में परास्नातक एमएलके पीजी कॉलेज बलरामपुर से किया। अथक परिश्रम से जेआरएफ की परीक्षा भी उन्होंने पहले ही प्रयास में पास कर ली। उसके बाद वह लोक सेवा आयोग की परीक्षा की तैयारियों में लग गए। इस सत्र में लोक सेवा आयोग मध्य प्रदेश की परीक्षा में उनका चयन असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर हुआ है। दीप नारायण ने सफलता का श्रेय अपने माता पिता भाई आदित्य मौर्य व परिवारीजनों को दिया है।