फोटो-18-गोंडा में तरबगंज के पिपरी रोहुआ गोसाईंपुरवा में आग से जली गृहस्थी। -संवाद
- फोटो : GONDA
तरबगंज (गोंडा)। शनिवार की देरशाम अग्निकांड में तीन घरों की गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आकर आठ माह की मासूम बच्ची घायल हो गई। जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई।
घटना तरबगंज थानाक्षेत्र के पिपरी रोहुआ के मजरा खूदेपुर गोसाईं पुरवा की है। यहां शनिवार की देर शाम अज्ञात कारणों से लगी आग से शोभाराम, शिवराम और मोहन की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने भीषण आग की लपटों पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग की विकराल लपटों ने तीन परिवारों को बेघर कर दिया। इसके साथ ही शोभाराम की आठ माह की बेटी भी आग की लपटों में झुलस गई। जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने बच्ची की मृत्यु की पुष्टि कर दी। जिस समय आग लगने की घटना घटित हुई उस समय मृतक बच्ची के परिजन खेत में गेहूं की कटाई करने गए थे।
घर में आग लगने पर अन्य बच्चे अपनी जान बचाने के लिए भाग खड़े हुए और अबोध बालिका झुलस गई। लोगों को जब बच्ची के घर में होने की भनक लगी और उसे बचाने का प्रयास किया तब तक वह बुरी तरह झुलस चुकी थी। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार भीम चंद ने राजस्व कर्मियों के साथ मृतक बच्ची और अन्य अग्निकांड पीड़ित परिवारों की रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन को सौंप दी है। रविवार को बच्ची का पोस्टमॉर्टम भी करा दिया गया।