गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र गायत्रीपुरम चौराहे पर मंगलवार की देर शाम घर लौट रहे एक युवक पर दो हमलावरों ने चाकुओं से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावरों ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए और उसे मरणासन्न हालत मे छोड़कर भाग निकले। परिजनों ने युवक को जिला अस्पताल मे भर्ती कराया है जहां उसकी हालत गंभीरबनी हुई है। युवक के पिता ने दो युवकों पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के सिंचाई कालोनी का रहने वाला उत्कर्ष सिंह (22) मंगलवार की देर शाम अपनी चाची को लेकर गायत्रीपुरम गया था। वह चाची को छोड़कर बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था। गायत्रीपुरम चौराहे पर ही पीछे से पहुंचे तो युवकों ने उसे रोक लिया और उसपर चाकू से हमला कर दिया। हमलावर युवकों ने उत्कर्ष पर चाकू से ताबड़तोड़ कई प्रहार किए।
आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते हमलावर उत्कर्ष को मरणासन्न हालत मे छोड़कर भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस व उत्कर्ष के परिजनों ने उसे ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
इस मामले मे उत्कर्ष के पिता पंकज सिंह ने साहिल और ऋषभ नाम के दो युवकों पर जानलेवा हमले का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। नगर कोतवाल आलोक राव ने बताया कि दोनों हमलावर युवकों का तलाश की जा रही है।