गोंडा। परसपुर थाना क्षेत्र के बलदेव पंडित पुरवा गांव में मंगलवार को भरी पंचायत में सेना के एक जवान को दबंगों ने गोली मार दी। गोली चलने से पंचायत में भगदड़ मच गई। ग्रामीणों ने हमलावरों को खदेड़ा तो वह भाग निकले। भाग रहे हमलावरों की बाइक मौके पर ही छूट गई।
वहीं गंभीर रूप से घायल जवान को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से डॉक्टरों ने उसे आर्मी कमांड हास्पिटल के लिए रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से चार मोटरसाइकिल बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। घटना का कारण तीन दिन पहले हुए मोबाइल चार्जिंग के विवाद को बताया जा रहा है।
परसपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव का रहने वाला शिवबक्श सिंह उर्फ सिब्बू (23) छत्तीसगढ़ में सेना में तैनात है। रविवार को वह छुट्टी पर गांव आया था। गांव में तीन दिन पहले मोबाइल चार्जिंग को लेकर कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया था। इस मामले को सुलझाने के लिए मंगलवार को बलदेव पंडितपुरवा गांव में पंचायत बुलाई गई थी। दोनों पक्षों के लोग पंचायत में मौजूद थे।
पंचायत में दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामले को खत्म कराने का प्रयास किया जा रहा था। इसी बीच बात इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष के लोगों ने सेना के जवान शिवबक्श उर्फ सिब्बू को गोली मार दी। गोली सिब्बू के पेट में लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने से पंचायत में भगदड़ मच गई। ग्रामीणों ने हमला करने वाले लोगों को ललकारा तो वे भागने लगे। इस भगदड़ मे हमलावर पक्ष की कई मोटरसाइकिलें मौके पर छूट गई। सिब्बू के परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए उसे लखनऊ रेफर कर दिया।
लखनऊ से सिब्बू को आर्मी कमांड हास्पिटल भेज दिया गया है। गोली चलने की सूचना पर क्षेत्राधिकारी जितेंद्र दूबे व परसपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से चार बाइक बरामद की हैं। साथ ही इस मामले मे तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। एसओ बीएन सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इस संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
एसपी आरके नैयर का कहना है कि बलदेव पंडित पुरवा गांव में हुए घटना को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है। सैनिक के परिवारीजनों से तहरीर लेने का प्रयास किया जा रहा है। तहरीर के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तार की जाएगी। एसओ को सैनिक के घरवालों से लगातार संपर्क में बने रहने का निर्देश दिया गया है।