गोंडा। थाना क्षेत्र देहात कोतवाली और कटरा बाजार थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक व किसान का शव फंदे से लटका मिला है। पुलिस मामले में छानबीन के दावे कर रही है।
कटरा बाजार थाना क्षेत्र के मथुरा गांव में सोमवार की सुबह होली प्रसाद (55) ने आम के पेड़ से रस्सी के सहारे फंदे से लटककर जान दे दी। पत्नी मंजू देवी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। अतिरिक्त निरीक्षक थाना कटरा बाजार अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, देहात कोतवाली इलाके के खरगूपुर के पूरे पांडेय में छोटकू (18) का शव नीम के पेड़ से लटका मिला। ग्राम प्रधान उमेश त्रिपाठी ने बताया कि छोटकू चार भाईयों में सबसे छोटा था। वह कैटरिंग का काम करता था। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पाया कि फोन पर बात करते-करते युवक ने फंदे से लटककर जान दी है। आशंका है कि प्रेम-प्रसंग में हादसा हुआ है। देहात कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।