मुजेहना (गोंडा)। दहेज में कार नहीं मिली तो ससुराल वालों ने विवाहिता की हत्या करके शव को फंदे से लटका दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में विवाहिता के पिता ने थाना धानेपुर में पति समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अंबेडकर नगर जनपद के अकबरपुर क्षेत्र के शहजादपुर चौक निवासी पुल्लू ने थाना धानेपुर में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसने अपनी बेटी ज्योति उर्फ सलोनी की शादी 17 अप्रैल 2019 को धानेपुर कस्बे के रहने वाले जगदीश मोदनवाल के बेटे लालजी मोदनवाल के साथ की थी।
पुल्लू के मुताबिक शादी के कुछ दिनों बाद से ही ससुराल वाले दहेज में चार पहिया गाड़ी की मांग करने लगे। इसको लेकर ससुराल वाले ज्योति को प्रताड़ित करते थे। इस बारे में ज्योति बताया भी करती थी। मगर उसे समझा दिया जाता था। पुल्लू का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर मंगलवार को ससुराल वालों ने उसकी बेटी की हत्या कर दी और शव को फंदे से लटका दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुल्लू ने थाना धानेपुर में पति लालजी मोदनवाल, ससुर जगदीश मोदनवाल, जेठ श्यामजी मोदनवाल, जेठानी विनीता, ननद लक्ष्मी, देवर शिवम तथा शुभम के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष रतन कुमार पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।