गोंडा-फैजाबाद मार्ग पर गुरुवार को सुबह वीरपुर विसेन गांव के पास सड़क पर खड़े ट्रक में कैटरिंग का सामान लेकर फैजाबाद जा रही डीसीएम पीछे से घुस गई। हादसे में डीसीएम में सवार महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फैजाबाद जिले के अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के रामपुर हलवार मोहल्ला निवासी बृजलाल यादव कैटरिंग का काम करता था। वह अपने साथियों संग बुधवार की सुबह गाेंडा शहर के एक मैरिज हाल में शादी समारोह में कैटरिंग करने के लिए डीसीएम से आया था।
यहां कैटरिंग का काम निपटाने के बाद वे सभी गुरुवार को सुबह डीसीएम से फैजाबाद लौट रहे थे। जब वे सभी गोंडा-फैजाबाद मार्ग पर कोतवाली देहात क्षेत्र के वीरपुर विसेन गांव के समीप पहुंचे, तभी डीसीएम अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई।
हादसे में बृजलाल यादव (22) व इंद्रावती (55) पत्नी झब्बर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सूरज (20) निवासी कामापुर थाना महराजगंज फैजाबाद, निर्मला (50) पत्नी रामचंद्र निवासी तिलहा थाना वशीनगर फैजाबाद, फू लचंद (18) निवासी कामापुर थाना महराजगंज फैजाबाद व छेदनलाल (39) निवासी राजपुर थाना रामसनेहीघाट बाराबंकी घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से निर्मला व फूलचंद को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया है।