हलधरमऊ/बालपुर। दो दिन की छुट्टी में विकासखंड के तीन परिषदीय विद्यालयों का ताला और खिड़की तोड़कर चोरों ने गैस सिलिंडर, बैटरियां, इनवर्टर, अनाज और बर्तन पार कर दिए। मंगलवार सुबह विद्यालय पहुंचने पर शिक्षकों को चोरी की जानकारी हुई।
कंपोजिट विद्यालय भटनैया के प्रधानाध्यापक तिलकराम वर्मा ने बताया कि रसोईघर की कुंडी काटकर चोर दो गैस सिलिंडर और दो बैटरियां उठा ले गए। प्राथमिक विद्यालय बुधई पुरवा के प्रभारी प्रधानाध्यापक रविशंकर दयाल ने बताया कि चोर ताला तोड़कर एक सिलिंडर, एक बोरी चावल व बर्तन चोरी कर ले गए। वहीं, उच्च प्राथमिक विद्यालय परसा गोंड़री की प्रभारी प्रधान अध्यापक अनीता सिंह के अनुसार, चोरों ने खिड़की तोड़कर इनवर्टर पार कर दिया। तीनों प्रधानाध्यापकों ने बालपुर पुलिस चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। करनैलगंज सीओ आनंद कुमार राय ने बताया कि जल्द ही घटनाओं का खुलासा कर सामान बरामद किया जाएगा। (संवाद)
कंपोजिट विद्यालय से सिलिंडर व बर्तन चोरी
गोंडा। कंपोजिट विद्यालय छावनी सरकार में चोरों ने रसोई का ताला काटकर एलपीजी सिलिंडर व बर्तन चोरी कर लिए। दो दिन अवकाश के बाद मंगलवार को विद्यालय खुलने पर प्रधानाध्यापिका रीता मिश्रा को घटना की जानकारी हुई। उन्होंने यूपी 112 और नगर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी झंझरी को भी अवगत कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। (संवाद)