नवाबगंज। फर्जी फर्म बनाकर करोड़ों का व्यापार करने और सरकार को राजस्व का नुकसान पहुंचाने का मामला उजागर हुआ है। जीएसटी उपायुक्त रमाशंकर यादव की तहरीर पर कटरा शिवदयाल गंज निवासी व्यापारी रोहित कुमार गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जीएसटी उपायुक्त के अनुसार, रोहित कुमार ने बीते वर्ष सितंबर में मेसर्स लव ट्रेडर्स के नाम से फर्म का पंजीकरण कराया। पोर्टल पर विश्लेषण में फर्म संदिग्ध प्रतीत हुई। इसमें गलत तरीके से आईटीसी का आदान-प्रदान किया जा रहा था। जनवरी में हुई जांच में फर्म के स्थल पर न तो कोई व्यापारिक गतिविधि पाई गई और न ही कोई दस्तावेज या स्टॉक मिला।
जांच में सामने आया कि फर्म ने सात अलग-अलग फर्मों से माल खरीदे बिना ही फर्जी इनवॉइस जारी किए। 63.19 करोड़ रुपये से अधिक का फर्जी आईटीसी क्लेम किया गया और 62.25 करोड़ रुपये की आउटवर्ड सप्लाई घोषित कर 10.66 करोड़ रुपये से ज्यादा का फर्जी टैक्स क्रेडिट पास ऑन किया गया।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। इस फर्जीवाड़े की पड़ताल होगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।