फिल्मी अंदाज में आए बेखौफ हमलावर युवकों को पीटने के बाद आराम से जीप पर सवार होकर चलते बने। हमले का शिकार हुए युवक ने दबंगों पर मारपीट समेत पांच हजार रुपये व सोने की चैन लूटकर ले जाने का आरोप लगाते हुए थाने मे तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
धानेपुर थाना क्षेत्र के उजैनीकला गांव के रहने वाले आमीन के मुताबिक पंचायत चुनाव में वोट न देने से गांव के पूर्व प्रधान उससे नाराज है। इसी को लेकर एक सप्ताह पहले भी प्रधान के समर्थकों ने उसके परिवारीजनों को पीटा था। जिसमें दोनों पक्षों ने थाने पर रिपोर्ट दर्ज करायी थी।
आमीन ने बताया कि वह बुधवार की दोपहर करीब दो बजे वह बाइक से पठानपुरवा गांव के रहने वाले इरफान के साथ अपनी भतीजी की फीस जमा करने के लिए बग्गीरोड स्थित एक कॉलेज में जा रहा था। वह इंदिरा नगर के पास स्थित पेट्रोल पंप के निकट पहुंचा ही था कि पीछे से आ रही एक जीप ने उसे टक्कर मार दी जिससे वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा।
उसके गिरते ही जीप पर सवार नईम, खैराती, अज्जू व चवन्नी ने जीप से उतरकर उसपर
हमला बोल दिया और डंडो, हाकी व सरिया से दोनों को जमकर पीटा। दोनों युवकों ने पास के गांव मे भागकर अपनी जान बचाई।
आमीन का आरोप है कि हमलावर उसके पास से पांच हजार रूपये व उसकी सोेने की चैन भी छीन ले गये। फिल्मी अंदाज में हुए इस घटना से मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी। लेकिन हमलावर बड़ी आसानी से अपने वाहन में सवार होेकर चले गये। इस मामले मे पीड़ित आमीन ने धानेपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। थानाध्यक्ष देवेंद्र पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।