कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मानसिक रूप से कमजोर युवती को गांव का ही एक युवक कई महीनों से रेप करने का मामला सामने आया है। युवती के गर्भवती होने पर उसे जान से मार की कोशिश भी की।
मामला सामने आने पर गांव के कुछ लोगों ने इस मामले में कार्रवाई किए जाने का पक्ष रखने के बजाए युवती के पिता के सामने दोनों की शादी कराने का अनोखा प्रस्ताव रख दिया। युवती के पिता ने कोतवाली में दोषी युवक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। हालांकि पुलिस इस मामले में केस दर्ज कराने के बजाए दोनों पक्षों में पंचायत कराने में लगी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसकी 21 वर्षीय पुत्री मानसिक रूप से कमजोर है। गांव का ही एक युवक कई दिनों से उसका शारीरिक शोषण करता रहा। उसके गर्भ ठहर जाने के बाद युवक ने युवती को शौंच जाते समय खेत में खींच ले गया तथा गला दबाकर मारने की कोशिश की।
उसकी चिल्लाहट सुनकर गांव के लोग पहुंचे तो युवती ने आप बीती बताई। लोगों ने युवक के जाति बिरादरी का होने के नाते पीड़ित युवती से शादी करके उसका जीवन बचाने की शर्त रखी। जिसका पिता ने विरोध किया। इस पर कुछ लोगों ने उसे पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित युवती के पिता ने बुधवार को कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
पुलिस ने मामला दर्ज करने के बजाए थाने पर दोनो पक्षों को बुलाकर पंचायत कराने के मूड में है। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक करनैलगंज दिवाकर सिंह का कहना है कार्रवाई की जा रही है। युवती मंद बुद्धि की है मगर दोनों की रजामंदी से संबंध थे। एक ही बिरादरी का मामला है। आरोपी युवक व उसके परिवारीजनों को थाने बुलाया गया है।