ललिया थाना क्षेत्र के फटवा गांव में बीती देर रात विवाहिता की गले में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह अपने मायके आई हुई थी। पति की तहरीर पर विवाहिता के पिता व चाचा-चाची के खिलाफ पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बलरामपुर देहात थाना क्षेत्र के गंगापुर बांकी चौका खुर्द गांव निवासी शिवकुमार ने बताया कि उसकी पत्नी गीता देवी (31) बीते दिनों ललिया थाना क्षेत्र के फटवा गांव स्थित अपने मायके गई थी। शुक्रवार देर रात आंगन में सोते समय गीता की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
शिवकुमार का आरोप है कि गीता की हत्या उसके पिता कृपाराम, चाचा बुधराम तथा चाची रजनी ने की है। उसके मुताबिक घटना के पीछे जमीन का विवाद बताया जा रहा है। शिवकुमार ने गीता के पिता, चाचा व चाची के खिलाफ ललिया थाने में तहरीर दी है।
ललिया थानाध्यक्ष धनंजय पांडेय ने बताया कि घटना बड़ी रहस्यमयी लग रही है। पति की तहरीर पर पिता, चाचा तथा चाची के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।