दहेज में दो लाख रुपये व बाइक नहीं मिली तो ससुराल वालों ने शनिवार सुबह महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में महिला के पिता ने छपिया थाने में पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
खोड़ारे थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनगर ग्रन्ट गांव के रहने वाले यज्ञाराम वर्मा ने छपिया थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसने अपनी बेटी सोनू प्रभावती वर्मा (25) की शादी 25 अप्रैल 2013 को छपिया थाना क्षेत्र के गड़ाही गांव के रहने वाले सालिकराम वर्मा के बेटे सोनू वर्मा के साथ की थी।
शादी के कुछ दिनों बाद ही ससुराल वाले दहेज में दो लाख रुपये व बाइक की मांग करने लगे। इसके लिए ससुराल वाले प्रभावती को अक्सर मारापीटा करते थे।
यज्ञाराम के मुताबिक उनकी बेटी जब ससुराल से मायके आती थी तो प्रताड़ना के बारे में बताया करती थी, मगर उसे समझाकर ससुराल भेज दिया जाता था।
यज्ञाराम ने बताया कि शनिवार की दोपहर बाद उसकी बेटी की ससुराल से फोन आया कि प्रभावती बीमार है। जब वह बेटी की ससुराल पहुंचा तो उसकी पुत्री का शव जमीन पर पड़ा था।
यज्ञाराम ने बताया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने उसकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी है। यज्ञाराम ने छपिया थाने में पति सोनू वर्मा, ससुर सालिकराम, ननद शांति, गुड़िया व सास के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष छपिया बांके बिहारी सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।