इटियाथोक थाना क्षेत्र के अयाह गांव तिराहे के पास स्थित मोबाइल की दुकान पर मंगलवार की सुबह बाइक से आए दो युवकों ने दुकान से लैपटॉप चोरी कर लिया और भागने लगे, मगर दुकानदार ने ग्रामीणों के साथ मिलकर दोनों को दबोच लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने युवकों को बंधक बनाकर पीटा और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।
इस मामले में दुकानदार ने इटियाथोक थाने में दोनों युवकों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
इटियाथोक थाना क्षेत्र के अयाह गांव का रहने वाला जीवनलाल अयाह तिराहे के समीप मोबाइल की दुकान करता है। जीवनलाल के मुताबिक मंगलवार की सुबह वह दुकान खोलने के बाद दुकान के सामने ढाबे पर चाय पी रहा था।
तभी मोटरसाइकिल से आए दो युवक बाइक खड़ी करने के बाद उसकी दुकान में तेजी से दाखिल हो गए। दोनों युवकों ने दुकान में रखा लैपटॉप उठाया और उसे एक गमछे में लपेटकर तेजी से बाइक की ओर भागे।
जीवनलाल ने बताया कि उसकी नजर युवकों पर पड़ी तो उसने अपने साथी भवानीप्रसाद व फकरुद्दीन के साथ दौड़ाकर दोनों युवकों को पकड़ लिया गया।
इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों युवकों को एक पेड़ में रस्सी से बांध दिया और उनकी जमकर पिटाई की और फिर युवकाें को पुलिस के हवाले कर दिया।
इस मामले में जीवनलाल ने इटियाथोक थाने में दोनों युवकों के खिलाफ तहरीर दी है। इटियाथोक थाने के प्रभारी निरीक्षक इंतखाब खां ने बताया कि दोनों युवक खरगूपुर थाना क्षेत्र के देवरिया कला गांव के रहने वाले हैं। तहरीर मिली है। मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।