11वीं के दो छात्रों की शिक्षकों ने शुक्रवार की दोपहर डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी। इसमें एक छात्र ने शिक्षक से कोचिंग पढ़ने से इन्कार कर दिया था तो दूसरा शिक्षक छात्र से नाराज था। इस मामले में दोनों छात्रों के परिवारीजनों ने अलग-अलग थानों में आरोपी शिक्षकों के खिलाफ मारपीट व शिक्षा अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
तरबगंज थाना क्षेत्र के बेलसर गांव के रहने वाले शिवबहादुर सिंह ने बताया कि उनका बेटा सौरभ सिंह (16) शहर के एक विद्यालय में 11वीं का छात्र है।
शिवबहादुर सिंह के मुताबिक शुक्रवार की सुबह उनका बेटा विद्यालय आया था। दोपहर में इंटरवल के बाद उनका बेटा स्कूल परिसर में खड़े साथ के बच्चों से बात कर रहा था। तभी विद्यालय के एक शिक्षक ने उसे इशारे से बुलाया। जब वह उसके पास गया तो शिक्षक ने कहा कि तुझे नहीं बुलाया था, यहां क्यों आ गया।
इसी खुन्नस के कारण शिक्षक ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह बेहोश हो गया। शिवबहादुर ने बताया कि विद्यालय के बच्चों ने उसके बेटे को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया और उन्हें फोन से सूचना दी। इसके बाद वह अस्पताल पहुंचे।
इस मामले में शिवबहादुर सिंह ने नगर कोतवाली में आरोपी शिक्षक के खिलाफ तहरीर दी है। नगर कोतवाली के एसएसआई रमाशंकर यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।
दूसरी घटना में करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के गाड़ी बाजार मोहल्ले के रहने वाले संतोष यज्ञसैनी ने बताया कि उनका बेटा सत्यम यज्ञसैनी (16) करनैलगंज के कन्हैयालाल इंटर कॉलेज में 11वीं का छात्र है।
संतोष के मुताबिक सत्यम शुक्रवार की सुबह छमाही परीक्षा देने विद्यालय गया था। परीक्षा के दौरान ही कॉलेज के शिक्षक टीएन दूबे ने उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
जब उसने पिटाई का कारण पूछा तो शिक्षक भड़क गए। संतोष ने बताया कि शिक्षक बोले उनसे कोचिंग नहीं पढ़ेगा तो उसकी ऐसे ही पिटाई होती रहेगी।
शिक्षक की पिटाई से सत्यम घायल हो गया। बेटे की पिटाई की सूचना पर वह विद्यालय पहुंचे और अध्यापक से पिटाई का कारण पूछा तो शिक्षक ने उनसे भी अभद्रता की।
इस मामले में संतोष यज्ञसैनी ने करनैलगंज कोतवाली में आरोपी शिक्षक टीएन दूबे के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल करनैलगंज बृजकिशोर यादव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर एसडीएम व सीओ को सूचना दे दी गई है।
कन्हैयालाल इंटर कॉलेज में छात्र सत्यम की पिटाई करने वाला आरोपी शिक्षक निजी कोचिंग चलाता है। आरोपी शिक्षक की कोचिंग में जो बच्चे पढ़ने को तैयार नहीं होते हैं, शिक्षक उनकी पिटाई करता है। यह आरोप सत्यम यज्ञसैनी के पिता संतोश यज्ञसैनी ने लगाते हुए एसडीएम करनैलगंज वीके से शिकायत दर्ज कराई है।
कन्हैयालाल इंटर कॉलेज के छात्र सत्यम के पिता संतोष यज्ञसैनी ने शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिक्षक के खिलाफ जांच कर कार्यवाही के लिए जिलाधिकारी के माध्यम से जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र भेजा जा रहा है। जांच में शिक्षक कोचिंग का संचालन करता पाया गया तो उसके खिलाफ विभागीय कार्यवाही की जाएगी।