करनैलगंज-परसपुर मार्ग पर बाबागंज चौराहे के पास गुरुवार दोपहर बाद तेज रफ्तार डीसीएम ट्रक ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी। हादसे मे बाइक सवार सुरेश कुमार (55) की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि गंभीररूप से घायल हरीराम (50) को उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज लाया गया। जहां से जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक डीसीएम छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों रिश्ते में साले-बहनोई थे ओर शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे।
कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के भरसड़ा गांव के रहने वाले सुरेश कुमार अपने बहनोई हरीराम निवासी झमैयनपुरवा करनैलगंज के साथ एक मार्च को बाइक से अपनी बहन के यहां थाना परसपुर क्षेत्र के नए पुरवा शादी में गया था। वहां से गुरुवार की दोपहर बाद दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे।
वह दोनों करनैलगंज-परसपुर मार्ग पर बाबागंज बाजार के पास सामने से आ रही डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे सुरेश कुमार (55) की डीसीएम से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में हरीराम (50) गंभीर रुप से घायल हो गया।
उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र करनैलगंज लाया गया। जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डीसीएम छोड़कर मौके से भाग निकला। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस डीसीएम को कोतवाली ले आई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली करनैलगंज के प्रभारी निरीक्षक हरी सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।