स्थानीय नगर के मोहल्ला गोविंदबाग निकट सब्जी मंडी में संचालित देशी शराब की दुकान के मुनीम को शनिवार देर रात कुछ दबंगों ने दुकान के अंदर ही जिंदा जलाने की कोशिश की। दुकान मालिक का कहना है कि कुछ लोग उससे रंगदारी मांग रहे हैं।
रंगदारी न मिलने पर ही दुकान में आग लगाई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मोहल्ला गोविंद बाग सब्जी मंडी के निकट अभिषेक सिंह को देशी शराब की दुकान का ठेका मिला है। दुकान में ग्राम अजबनगर निवासी कन्हैया लाल जायसवाल अधिकृत मुनीम हैं।
अभिषेक ने बताया कि अप्रैल में उसकी दुकान के निकट बीयर की नई दुकान खोली गई थी। लोगों ने विरोध किया तो बीयर की दुकान हटा ली गई। इसी बीच कुछ लोग मेरे ऊपर भी दुकान चलाने के लिए एक लाख रुपए की रंगदारी मांगने लगे।
मुनीम कन्हैया लाल ने बताया कि शनिवार रात करीब एक बजे वह दुकान बंद कर अंदर सो रहे थे। इसी बीच कमरे में धुंआ भर गया। घुटन होने पर वह जगा तो दुकान में आग लगी थी। शटर के नीचे से किसी ने जलता हुआ कपड़ा दुकान के अंदर डालकर दुकान जलाई थी।
कन्हैया किसी तरह जान बचाकर दुकान से बाहर निकले और शोर मचाना शुरू कर दिया। कन्हैया के सूचना पर डायल 100 की पुलिस मौके पर पहुंची थी। दुकान मालिक का आरोप है कि रंगदारी न मिलने पर दबंगों ने ही दुकान में आग लगाकर मुनीम को जिंदा जलाकर मारने की कोशिश की है। नगर कोतवाल एसके त्रिपाठी ने बताया कि देशी शराब दुकान के मुनीम कन्हैया लाल ने तहरीर दी है। मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।