सरयू नदी में डूब रही साथी छात्रा को बचाने के लिए नदी में कूदे दो छात्र और एक छात्रा की डूबने से मौत हो गई। सभी छात्र पैरा मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग का कोर्स कर रहे थे। शुक्रवार को सभी कॉलेज की टीम के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र करनैलगंज में ट्रेनिंग के गए थे।
तीन छात्रों की डूबने की खबर से कॉलेज स्टाफ और छात्रों में हड़कंप मच गया। छात्रों का शोर सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने सभी को बचाने का प्रयास किया लेकिन नाकाम रहे। दो छात्रों का शव तो ग्रामीणों ने निकाल लिया लेकिन एक शव बाद में आए गोताखोरों ने निकाला। घटना की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने गोताखोरों को लगाकर तीनों के शव को निकाल लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
सतीशचंद मेमोरियल पैरा मेडिकल कॉलेज हारीपुर के नर्सिंग के छात्र-छात्राओं की 40 सदस्सीय टीम शुक्रवार की सुबह ट्रेनिंग के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र करनैलगंज गई थी। यहां ट्रेनिंग के दौरान कुछ छात्र-छात्राओं ने थोड़ी दूर स्थित सरयूघाट जाने का प्लान बना लिया।
इनमें श्रद्धा (23), कीर्ति (22), सलमान अहमद (21) निवासी वीरपुर भोज थाना कटरा बाजार, अखिलेन्द्र प्रताप (22) निवासी रुपईडीह थाना खरगूपुर व सुषमा चौधरी (21) ग्राम विठूरा खलीलाबाद संतकबीर नगर शामिल थे।
सरयू घाट पहुंचने पर नदी में उतरते समय श्रद्धा का पैर फिसल गया और वह नदी में गिर गई, पास खड़ी सुषमा ने उसका हाथ पकड़कर उसे बचा लिया मगर बैलेंस बिगड़ने से सुषमा नदी में डूबने लगी, जिसे बचाने के लिए सलमान और अखिलेन्द्र नदी में कूद गए।
लेकिन सुषमा के बचाते बचाते तीनों नदी की गहरी धारा में डूब गए। तीनों को डूबता देख नदी के बाहर खड़ी श्रद्धा, कीर्ति और उनके अन्य साथियों के शोर मचाने पर आस-पास के लोग दौड़े। ग्रामीणों ने नदी में कूदकर तीनों को बचाने का प्रयास किया।
मगर तब तक तीनों की डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने कुछ देर की कोशिश में सुषमा व अखिलेन्द्र के शवों को बाहर निकाल लिया। मगर सलमान का शव नहीं मिला। बाद में गोताखोरों को बुलाया गया तब जाकर गोताखोरों ने सलमान के शव को दो घंटे की तलाश के बाद नदी से बाहर निकाला।
घटना की सूचना पर पहुंचे कोतवाल करनैलगंज हरी सिंह ने श्रद्धा व कीर्ति को सीएचसी भिजवाया। वहां से दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। कोतवाल ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम हरिशंकर लाल शुक्ला, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आईएएस आशीष कुमार, सीओ सबीहुल हम्द, सीएचसी अधीक्षक डा. पीएन राय, स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे।