दो गांवों के तीन घरों में सोमवार देर रात घुसे चोरों ने 33 हजार रुपये नकदी समेत चार लाख रुपये के गहने पार कर दिए। इस मामले में थाना नवाबगंज में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना नवाबगंज क्षेत्र के लौव्वावीरपुर गांव के मजरे डीह के रहने वाले हरिमंगल तिवारी ने बताया कि सोमवार की रात वह अपने घर के बाहर दरवाजे पर सो रहा था, उसकी पत्नी घर की छत पर सो रही थी तभी देर रात छत के रास्ते घर के अंदर घुसे चोरों ने कमरे के दरवाजे का ताला तोड़ दिया और कमरे में रखा संदूक व अटैची उठा ले गए। जिसमें 26 हजार रुपए नकदी सोने की दो चेन, तीन अंगूठी, दो झाला, चार झुमकी, मंगलसूत्र, दो कील, छह कर्धन, चार पायल, बारह बिछुआ, चांदी का पांच सिक्का व 12 साड़ी लेकर फरार हो गए। हरिमंगल ने चोरी गए गहनो की कीमत चार लाख रुपये बताई है।
दूसरी घटना में रामसिंह पुरवा के रहने वाले पूर्व प्रधान गंगाराम ने बताया कि सोमवार की देर रात छत के रास्ते चोर उनके घर में घुस आए और कमरे में संदूक में रखा 5 हजार रुपये नकदी व दो हजार रुपये के बर्तन लेकर फरार हो गए।
तीसरी घटना में इसी गांव के रहने वाले माताप्रसाद ने बताया कि सोमवार की देर रात घर के अंदर घुसे चोरों ने 2 हजार रुपए नकदी व छह हजार रुपए की पायल पार कर दी। इस मामले में हरिमंगल तिवारी, गंगाराम व माता प्रसाद ने थाना नवाबगंज में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। थाना नवाबगंज के प्रभारी निरीक्षक दद्दन सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।