तुलसीपुर नगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम का लॉकर काट रहे एक चोर को गुरुवार की रात गार्ड ने स्थानीय लोगों की मदद से रंगे हाथों पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी भाग निकले। पुलिस पकड़े गए चोर से पूछताछ कर उसके साथियों की तलाश में जुट गई है।
तुलसीपुर नगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम बूथ पर तैनात गार्ड सुनील गुप्ता ने बताया कि गुरुवार की रात वह ड्यूटी पर था।
देर रात सुनील नित्यक्रिया करने के लिए पास में ही स्थित अपने आवास पर चला गया। इसी बीच चोर एटीएम बूथ में घुस गए और लॉकर काटने लगे।
सुनील वापस आया तो उसे एटीएम के अंदर खटपट की आवाज सुनाई दी। इससे सुनील सतर्क हो गया और आसपास के लोगों को बुला लाया।
लोगों की आहट पाकर एटीएम बूथ के बाहर खड़े तीन चोर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। सुनील ने लोगों की मदद से अंदर एटीएम का लॉकर काट रहे एक चोर को रंगे हाथों पकड़ लिया।
उसने मामले की सूचना तुलसीपुर थाने में दी और पकड़े गए चोर को पुलिस के हवाले कर दिया। थानाध्यक्ष तुलसीपुर भीष्मपाल सिंह यादव ने बताया कि पकड़े गए चोर की पहचान अब्दुल हफीज निवासी तुलसीपुर के रूप में हुई है।
अब्दुल हफीज से घटना में शामिल अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। शीघ्र ही अन्य आरोपियों केा भी पकड़ लिया जाएगा।