रंजिश को लेकर रविवार सुबह माधवपुर चकत्ता गांव के मजरा लालपुर चंद्रभान के पास कुछ लोगों ने एक युवक की जमकर पिटाई कर दी। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने लालपुर चंद्रभान गांव के पास गोंडा-लखनऊ मार्ग पर जाम लगा दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
जाम की सूचना पर जिला पंचायत सदस्य भदुआ तरहर व दो थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब वे शांत हुए। इस मामले में युवक के पिता ने नगर कोतवाली में चार लोगों के खिलाफ मारपीट व धमकी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के माधवपुर चकत्ता गांव के मजरा लालपुर चंद्रभान के रहने वाले बाबा रामस्वरूप दास ने बताया कि उनका गोंडा-लखनऊ मार्ग पर स्थित लालपुर चंद्रभान गांव में साढ़े पांच बीघा खेत है।
बाबा रामस्वरूप के मुताबिक उनका बेटा दीपक कुमार सुबह आठ बजे खेत की जुताई कराने के लिए गया था। वहां मजदूर ने मिलने के कारण वह गांव से निकला और उन्हें (बाबा रामस्वरूप दास) को फोन पर बताया कि अब सोमवार को खेत की जुताई हो पाएगी।
इसी दौरान वह गांव के समीप ही एक पान की गुमटी पर खड़ा था। तभी वहां चार युवक अपने साथियों संग आ धमके और रंजिशन उसे पीटने लगे।
दीपक के शोर मचाने पर गांव के लोग दौडे़ तो हमलावर भाग गए। दीपक की पिटाई से गुस्साए ग्रामीणों ने गांव के पास ही गोंडा-लखनऊ मार्ग पर जाम लगा दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
जिला पंचायत सदस्य भदुआ तरहर नीरज मौर्या, कोतवाल नगर अभय प्रताप मल्ल, कोतवाल देहात फणींद्र सिंह यादव ने ग्रामीणों को समझाकर हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब वे शांत हुए।
इस मामले में बाबा रामस्वरूप दास ने नगर कोतवाली में लालपुर चंद्रभान मजरा निवासी रामसमुझ, देशराज, मदन व सर्वेश के खिलाफ मारपीट व धमकी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। नगर कोतवाल अभय प्रताप मल्ल ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।