नशे में धुत एक सिपाही ने खोंडारे थाने में तैनात दरोगा इंद्रजीत यादव को पीट दिया। दरोगा ने बताया कि वह सोमवार को सरकारी काम से बभनान गए थे। वहां मरवटिया बभनान बाजार के टैक्सी स्टैंड पर नशे में धुत एक सिपाही हंगामा कर रहा था।
उन्हें वर्दी में देखकर टेंपो चालकों ने उनसे सिपाही की करतूत बताते हुए उसे हटाने के लिए कहा। जब वह सिपाही के पास पहुंचे और उसे हंगामा करने से रोका तो वह हाथापाई पर उतर आया। दरोगा का कहना है कि नशे में धुत सिपाही ने उन्हें पीट दिया। लोगों ने किसी तरह से बीच बचाव कर सिपाही को उनसे अलग किया। सिपाही की पहचान रवींद्र प्रताप सिंह के रूप में हुई है। वह बस्ती जिले के गौर थाने में तैनात बताया जाता है। इस संबंध में गौर थाने के एसओ रामकिशुन राना ने बताया कि सिपाही नशेड़ी प्रवृत्ति का है। वे खुद सिपाही की करतूतों से तंग है।