खोड़ारे में बिजली के स्टेवायर में उतरे करंट से 11 वर्षीय एक छात्र की मौत हो गई। छात्र आरवीएलपी चिल्ड्रेन एकेडमी मोकलपुर में कक्षा दो में पढ़ता था और मंगलवार शाम अपने घर के दरवाजे पर टहल रहा था।
थानाक्षेत्र खोड़ारे के इटवाखुर्द निवासी घिसियावन का बेटा अंगद मंगलवार देर शाम अपने घर के बाहर टहलने निकला था। घर के बाहर बिजली का एक खंभा लगा है। जिसका स्टेवायर जमीन में गड़ा है। टहलते-टहलते अंगद उस स्टेवायर के करीब पहुंच गया और जैसे ही उसने स्टेवायर को छुआ, बिजली के करंट की चपेट में आ गया।
एलटी लाइन के खंभे से बिजली का करंट स्टेवायर में उतर रहा था जिसकी चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताते हैं कि अंगद गांव से कुछ दूर मोकलपुर में पड़ने वाले आरवीएलपी चिल्डे्रन एकेडमी में कक्षा दो का छात्र था। घटना से ग्रामवासियों में पावर कॉर्पोरेशन के लोगों के खिलाफ आक्रोश है।
वहीं, घारीघाट बिजलीघर के अवर अभियंता धनंजीव कुमार ने बच्चे के मौत की पुष्टि की है। उनका कहना है कि बिजली के खंभे में गड़े स्टेवायर में बिजली का करंट कैसे और किस कारण से उतरा। इसकी जांच कराई जाएगी। इसके लिए क्षेत्रीय बिजलीकर्मियों को मौके पर भेजा गया है। एसडीओ दिव्यरंजन ने बताया कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। अगर ऐसा हुआ है तो इसके कारणों की जांच जरूर की जाएगी।