बलरामपुर में बहन की शादी के लिए सोमवार की सुबह सामान खरीदने बाइक से उतरौला जा रहा एक किशोर दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए गोंडा ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। उतरौला कोतवाली की पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
उतरौला कोतवाली क्षेत्र के महदेइया गांव निवासी रमजान ने बताया कि मंगलवार को उनकी बेटी की शादी है। बेटी की शादी का सामान खरीदने के लिए सोमवार सुबह उनका बेटा रोमान (17) बाइक से उतरौला जा रहा था।
इसी दौरान उतरौला कोतवाली क्षेत्र के जैतिहवा बाजार के पास सामने से आ रहे ट्रक से उसकी मोटरसाइकिल टकरा गई। हादसे में रोमान गंभीर रूप से घायल हो गया।
आनन-फानन में उसे सीएचसी उतरौला में भर्ती कराया गया, जहां रोमान की हालत नाजुक देख डॉक्टर ने उसे गोंडा रेफर कर दिया। गोंडा ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
उतरौला कोतवाल राजकुमार यादव ने बताया कि मौके पर पहुंच कर ट्रक और चालक को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।