मछली पकड़ने से रोकने पर भिटौरा अंबरपुर गांव के मजरा छोटकी खेसरी में शनिवार की रात एक बुजुर्ग की कुछ लोगों ने गला दबाकर हत्या कर दी गई। रविवार की सुबह जब वह घर नहीं पहुंचा तो उसकी पत्नी उसे बुलाने तालाब के पास पहुंची तो वहां उसका शव पड़ा मिला।
बुजुर्ग मछलियों की रखवाली करने गांव के समीप तालाब पर गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में बुजुर्ग के बेटे ने मनकापुर कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के भिटौरा अंबरपुर गांव के मजरा छोटकी खेसरी का रहने वाला रामकिशोर वर्मा उर्फ किशोरी वर्मा (60) गांव के समीप स्थित खेसरी तालाब में मछलियों की रखवाली करता था। वहां पन्नी का छाजन डालकर वह पूरी रात रहता था।
राकेश के मुताबिक शनिवार की रात भी उसके पिता मछलियों की रखवाली करने खेसरी तालाब पर गए थे। इसी बीच देर रात किसी ने उनकी गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी।
रविवार की सुबह जब वह घर नहीं पहुंचे तो उसकी माता धर्मराजी पिता को बुलाने तालाब पर गईं तो वहां उनका का शव पड़ा मिला। उसके पिता का गला गमछे से कसा था।
धर्मराजी के शोर मचाने पर मौके पर गांव के लोग एकत्र हो गए। रामकिशोर के बेटे राकेश वर्मा ने बताया कि गांव के कुछ लोग अक्सर रात में चोरी से मछलियां पकड़ने खेसरी तालाब पर आया करते थे। इसको लेकर उसके पिता से कई बार झड़प भी हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस मामले में राकेश वर्मा ने मनकापुर कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। कोतवाली मनकापुर के एसएसआई मथुरा राय ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।