जिले के दो थाना क्षेत्रों में मंगलवार को करंट लगने से एक की मौत हो गई और दो झुलस गए। एक घटना में मां ने अपने जज्बे से बेटे को विद्युत तार से छुड़ाकर उसकी जान बचाई। दूसरी घटना रेहरा बाजार थाना क्षेत्र में भवन निर्माण के समय लोहे की सरिया तार में टच होने से एक युवक की मौत हो गई। इस दौरान मृतक का बेटा भी गंभीर रूप से झुुलस गया।
रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के बूधीपुरवा गांव के मजरा बनरचटवा निवासी ओमप्रकाश चौहान ने मंगलवार को बताया कि उनके बड़े भाई पारसनाथ चौहान (40) थाना क्षेत्र के कंछर अशरफपुर निवासी धर्मराज वर्मा के घर का निर्माण कार्य कर रहे थे।
लोहे की सरिया अचानक छत के ऊपर से गुजर रहे हाईवोल्टेज बिजली तार से टकरा गई। घटना में पारसनाथ की मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई। पिता के लिए खाना लेकर गए पुत्र अनिल कुुमार (16) भी घटना में बाप को बचाने के चक्कर में झुलस गया।
लोगों ने तत्काल उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घर में हुई घटना से परिवारीजनों पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा। घर की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। ओमप्रकाश ने बताया कि उनका भाई पारसनाथ राजगीर का काम करता था।
हल्का लेखपाल रामशंकर मौर्या ने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंचे और घटना की रिपोर्ट तैयार करके उच्चाधिकारियों को भेजी गई है। इंचार्ज थानाध्यक्ष रेहरा बाजार सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।
दूसरी घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के हरैया बस स्टैंड पर घटी। यहां पास में लगे बिजली पोल से अचानक करंट उतरने से गौरा थाना क्षेत्र के लखाही निवासी अमित (10) पुत्र जयजय राम चपेट में आ गया। बच्चे को खंभे से चिपका देख उसकी मां राधा व जेठानी अनीता ने अमित को छुड़ाने का प्रयास किया। दोनों के अथक प्रयास से अमित बाल-बाल बच गया। आसपास को लोगों ने तीनों को तत्काल जिला मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया।