नरायनपुर ग्रन्ट गांव में बुधवार की सुबह घरेलू विवाद को लेकर एक भाई ने अपने ही बडे़ भाई को लोहे की राड से पीट-पीटकर मार डाला। हत्या के बाद आरोपी भाई फरार हो गया। इस मामले में पिता ने अपने छोटे बेटे के खिलाफ कोतवाली मनकाुपर में तहरीर दी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल का कहना है कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। कोतवाली मनकापुर क्षेत्र के नारायनपुर ग्रन्ट गांव के रहने वाला जंगबहादुर मौर्या (27) का उसके छोटे भाई रामबहादुर मौर्या से घरेलू विवाद चल रहा था।
दोनों में छोटी-छोटी बात को लेकर अक्सर झगड़ा हुआ करता था। बुधवार की सुबह जंगबहादुर की पत्नी ने घर में गंदा पानी गिरा दिया। इसी को लेकर रामबहादुर की पत्नी से उसका झगड़ा होने लगा। इसी बात को लेकर जंगबहादुर व रामबहादुर में कहासुनी होने लगी। तभी रामबहादुर लोहे की राड निकाल लाया और जंगबहादुर को पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया।
इसके बाद वह फरार हो गया। जंगबहादुर को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मनकापुर लाया गया। जहां से जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में जंगबहादुर के पिता मकरध्वज मौर्या ने कोतवाली मनकापुर में अपने छोटे बेटे रामबहादुर के खिलाफ तहरीर दी है।
कोतवाली मनकापुर के प्रभारी निरीक्षक अंगद राय ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।