मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के उपाध्यायपुर ग्रंट गांव की रहने वाली एक महिला की भूमि के फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर बैनामा कराने के मामले में उप निबंधक मनकापुर समेत नौ लोग फंस गए हैं। इस मामले में अदालत के आदेश पर उप निबंधक समेत नौ लोगों के खिलाफ कोतवाली मनकापुर में जालसाजी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के उपाध्यायपुर ग्रंट गांव की निवासी शोभा पत्नी बेचन ने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की फरियाद की थी।
अदालत के आदेश पर सोमवार देर रात कोतवाली मनकापुर में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में शोभा ने कहा कि उसके पति बेचन व्यवसाय के सिलसिले में बाहर रहते हैं।
शोभा के मुताबिक गांव के संतराम, उसके भाई वासुदेव, रामदेव, परशुराम, जयकरन, शुभकरन व उनके सहयोगी इसी गांव के रहने वाले शिवबहादुर वर्मा व सताराम वर्मा बीती 9 जून को उसे बहला-फुसलाकर उप निबंधक कार्यालय मनकापुर ले गए।
वहां फर्जी दस्तावेज तैयार करके उप निबंधक मनकापुर की मिलीभगत से 884 वर्ग फिट भूमि व नलकूप के कमरे का बैनामा करा लिया।
शोभा ने कोतवाली मनकापुर में उप निबंधक मनकापुर, संतराम, उसके भाई वासुदेव, रामदेव, परशुराम, जयकरन, शुभकरन व उनके सहयोगी इसी गांव के रहने वाले शिवबहादुर वर्मा व सताराम वर्मा के खिलाफ जालसाजी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली मनकापुर के प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।