हरैया सतघरवा थाना क्षेत्र के देवपुरा गांव के पास सोमवार को सुबह फल व्यापारियों को लेकर जा रही डीसीएम कुत्ते के पिल्लों को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 10 लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी शिवपुरा में भर्ती कराया, जहां दो लोगों की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
थानाध्यक्ष हरैया अजय कुमार यादव ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे देवपुरा गांव के पास फल व्यापारियों को लेकर जा रही डीसीएम अनियंत्रित होकर पलट गई।
सभी व्यापारी तुलसीपुर थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार बैरागीपुरवा से ललिया थाना क्षेत्र के साप्ताहिक बाजार फटवा में फलों की बिक्री करने के लिए जा रहे थे।
कुत्ते के पिल्लों को बचाने के चक्कर में डीसीएम अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में डीसीएम पर सवार पुरानी बाजार बैरागी पुरवा निवासी गुलाम अब्दुल्ला (55), लिल्लाही (30), सोनू (18), मुक्तार अहमद (27), इमरान (23), हसीना (12), जमील अहमद (40), शरीफ (30), शफीक (35) और हरैया थाना क्षेत्र के हरैया बाजार निवासी इतवारी (45) घायल हो गए।
पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से ले जाकर सीएचसी शिवपुरा में भर्ती कराया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. रविनंदन त्रिपाठी ने बताया कि गुलाम अब्दुल्ला व लिल्लाही की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि डीसीएम को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।