भगत सिंह नगर में बुधवार भोर एक व्यापारी के घर पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने व्यापारी की मां व बेटे को तमंचा सटाकर धमकाया और घर में रखी 80 हजार रुपये की नगदी व करीब 3.50 लाख रुपये के गहने लूटकर भाग गए। व्यापारी ने मनकापुर कोतवाली में तीन नकाबपोश लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मनकापुर के भगत सिंह नगर के रहने वाले राजेंद्र प्रसाद कसौंधन केरोसिन का फुटकर व्यापार करते हैं। बुधवार भोर राजेंद्र की मां विमला देवी सोकर उठीं और घर का दरवाजा खोलकर साफ-सफाई करने लगीं। इसी बीच तीन नकाबपोश लुटेरों ने राजेंद्र के घर पर धावा बोल दिया। एक लुटेरे ने विमला देवी को तमंचे से कवर कर लिया और दूसरे ने राजेंद्र के पुत्र विकास की कनपटी पर तमंचा सटा दिया।
इसके बाद तीसरे लुटेरे ने धमकाकर अलमारी की चाभी ले ली और उसमें रखे 3.5 लाख रुपये के गहने व 80 हजार कैश लूटकर भाग गए। विमला देवी व विकास ने शोर मचाया तो राजेंद्र की नींद खुली। वारदात की जानकारी होने पर आसपास के लोगों की वहां भीड़ जुट गई।
राजेंद्र ने मनकापुर कोतवाली में तीन नकाबपोश लुटेरों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मनकापुर इंस्पेक्टर रमेश कुमार शर्मा ने बताया की रिपोर्ट दर्ज करके लुटेरों की तलाश की जा रही है।