उतरौला कोतवाली क्षेत्र के तिलखी बढ़या गांव में नवविवाहिता का शव रविवार को सुबह कमरे में छत के कुंडे से फंदे पर लटका पाया गया। महिला के पिता ने ससुरालीजनों पर दहेज के लिए बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास व ससुर सहित सात लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
ग्राम हाटाखास जोगिया जनपद सिद्घार्थनगर निवासी श्याम भारत ने रविवार को उतरौला कोतवाली में दी तहरीर में कहा है कि उन्होंने अपनी बेटी सीमा (20) की शादी उतरौला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तिलखी बढ़या निवासी रोहित के साथ दो वर्ष पूर्व की थी।
शादी के बाद पति तथा ससुराल के अन्य लोग दहेज में बाइक तथा सोने की चेन के लिए सीमा को प्रताड़ित करते थे। सीमा ने यह बात कई बार अपने पिता व मायके वालों को बताई थी। श्याम भारत का आरोप है कि दहेज के लिए ही ससुरालीजनों ने सीमा की शनिवार रात हत्या कर शव छत के कुंडे से फंदे पर लटका दिया।
सीमा के ससुरालवालों ने मामले की सूचना मायके वालों को न देकर 100 नंबर पर दी। कोतवाल उतरौला आरके सिंह यादव ने बताया कि श्याम भारत की तहरीर पर आरोपी पति रोहित, सास शांती तथा ससुर छांगुर सहित चार अन्य लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पति, सास तथा ससुर को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है।