करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली बालिका के साथ दो युवकों ने सामूहिक दुराचार किया। बालिका अपने घर से दो दिन पहले शाम को आटा लाने के लिए चक्की पर गई थी। वहां से लौटते समय रास्ते में दो युवकों ने उसे दबोच लिया और गन्ने के खेत में ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया। इस मामले में पीड़िता के पिता ने पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। एसपी ने कोतवाली करनैलगंज पुलिस को मामले में दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 12 वर्षीया बालिका के पिता ने बताया कि उसकी बेटी चार जनवरी की शाम गांव के समीप स्थित चक्की पर आटा लाने गई थी। वहां से लौटते समय गांव के ही दो युवकों ने उसे दबोच लिया और पास स्थित गन्ने के खेत में खींच ले गए, जहां दोनों युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुराचार किया।
दोनों युवकों ने उसकी बेटी को गैंगरेप के बारे में किसी से बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद बालिका ने घर पहुंचकर परिवारीजनों को आप बीती बताई। पीड़िता के पिता ने बताया कि उसने डायल 100 पर कॉल की तो पुलिस पहुुंची और एक युवक को कोतवाली ले आई, मगर बाद में उसे छोड़ दिया।
बालिका के पिता ने बताया कि उसने कोतवाली करनैलगंज में दोनों युवकों के खिलाफ तहरीर दी, मगर पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। पीड़िता के पिता का आरोप है कि कोतवाली करनैलगंज पुलिस मामले में सुलह करने का उस पर दबाव बना रही है।
बालिका के पिता ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक से मिलकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने की फरियाद की। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी सुधीर कुमार सिंह ने कोतवाल करनैलगंज को मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।