रगडग़ंज बाजार में मंगलवार देर शाम बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद को लेकर बुधवार को कुछ असामाजिक तत्वों ने बाजार के माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। इन शरारती तत्वों ने बाजार स्थित एक धार्मिक स्थल पर न सिर्फ ईंट पत्थर बरसाए बल्कि दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की।
इस हमले में एक सराफा व्यवसायी घायल हो गया और उसकी कार का सीसा भी टूट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उपद्रव कर रहे लोगों को खदेड़ा। इस अप्रत्याशित घटना के बाद बाजार के दुकानों के शटर गिर गए। पुलिस अधीक्षक ने मौके पर जाकर माहौल का जायजा लिया।
बाजार में भारी संख्या में पुलिस फोर्स के अलावा पीएसी तैनात कर दी गई है। इस मामले में सराफा व्यवसायी आलोक सोनी की तरफ से 25 नामजद व दो सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बताया जाता है कि रगडग़ंज बाजार में मंगलवार की देर शाम एक बच्चे को कुछ लोगों ने पीट दिया था।
बुधवार को इसी बात की जानकारी करने के लिए सराफा व्यापारी शिवम सोनी दूसरे पक्ष के घर गए थे। वहां बातचीत के दौरान दोनो पक्षों में कहासुनी हो गई और लोगों ने शिवम को घेर लिया। अपने को घिरता देख शिवम ने वहां से भागने की कोशिश की तो दूसरे समुदाय के लोगों ने उन पर पथराव करना शुरु कर दिया।
इस हमले में शिवम घायल हो गए और उनकी कार का सीसा टूट गया। शिवम को घेरे से बाहर निकलता देख दूसरे समुदाय के लोग शिवम की सराफे की दुकान पर आ धमके और दुकान समेत उसके बगल स्थित एक धार्मिक स्थल पर ईंट पत्थर बरसाने लगे।
आरोप है कि पथराव कर रहे अराजक तत्वों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की और धर्मस्थल को तोड़ने का प्रयास किया। इस अप्रत्याशित घटना से पूरे बाजार में तनाव फैल गया और दुकानों के शटर धड़ाधड़ बंद हो गए। बाजार के व्यापारी इस अराजकता के खिलाफ सड़क पर उतर आए।
उधर बवाल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पथराव कर रहे अराजक तत्वों को खदेडा़। पुलिस ने व्यापारियों को भी समझाने का प्रयास किया लेकिन कार्रवाई की मांग को लेकर व्यापारी अड़ गए। कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने व्यापारियों से बात कर उन्हें शांत कराया और उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस मामले में सराफा व्यवसायी आलोक सोनी ने 25 लोगों को नामजद करते हुए करीब दो सौ अज्ञात हमलावरों के खिलाफ धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़, जानलेवा हमला करने बलवा व 7 क्रिमिनल ला अमेंडमेंट एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं बाजार में तनाव को लेकर क्षेत्राधिकारी सदर भरत लाल यादव,क्षेत्राधिकारी करनैलगंज सबीहुल हम्द के अलावा कई थानों की पुलिस व पीएसी को तैनात कर दिया गया है।
रगडग़ंज बाजार में पुलिस ने कुछ दिन पहले धार्मिक स्थल के बगल में चल रहे अवैध बूचडख़ानों को बंद करा दिया था। चूकि सराफा व्यावसायी शिवम सोनी व्यापारी होने के अलावा हिंदू सेना के जिलाध्यक्ष भी हैं इसलिए बूचडख़ानों पर हुई कार्रवाई के मामले में बूचडख़ानों का संचालन करने वाले लोग शिवम सोनी को इसका दोषी मान रहे थे।
इसके अलावा हाल ही में कब्रिस्तान की जमीन के पैमाईश को लेकर भी समुदाय विशेष के लोगों में आक्रोश सुलग रहा था। इसी में से कुछ अराजक तत्वों को बुधवार का मौका मिल गया और उन्होने धार्मिक स्थल को निशाना बनाकर पत्थर बरसाए और फायरिंग की जिससे बाजार का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
तरबगंज थाने में तैनात रहे थानाध्यक्ष अशोक कुमारसिंह को मंगलवार की रात में हटाकर पुलिस अधीक्षक ने मनोज कुमार सिंह को तरबगंज थाने की कमान सौंपी थी। बुधवार की सुबह की मनोज कुमार ने थाने का चार्ज लिया था। उनके कार्यभार ग्रहण करने के कुछ ही देर बाद रगडग़ंज बाजार सांप्रदाकिता की चपेट में आ गया और माहौल बिगड़ गया।
तरबगंज क्षेत्र के भारतीय जनता पार्टी के विधायक प्रेम नरायण पांडेय ने रगडग़ंज बाजार में हुए बवाल का ठीकरा रगडग़ंज के चौकी प्रभारी के सिर फोड़ा है। बुधवार को धार्मिक स्थल पर पथराव के बाद मौके पर पहुंचे विधायक प्रेम नरायण पांडेय ने चौकी प्रभारी पर आरोप लगाया कि मामूली सी घटना को लेकर सतर्कता नही बरती गई।
चौकी प्रभारी की लापरवाही के चलते बुधवार को अराजक तत्वो ने इस घटना को अंजाम दे दिया। उन्होने पुलिस अधीक्षक से रगडग़ंज चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह भदौरिया को निलंबित किए जाने की मांग की है। कहा कि इलाके में किसी को माहौल बिगाड़ने की कोशिश में कामयाब नहीं हाेने दिया जाएगा। इस मामले में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए प्रशासन से कहा गया है। जिससे आगे कोई ऐसी हरकत न करें।