इटियाथोक-बाबागंज मार्ग स्थित रमवापुर नायक तिराहे के पास शुक्रवार की दोपहर दवा लेने के बहाने दो मोटरसाइकिलों से आए चार लुटेरों ने तमंचे से धमकाकर दवा व्यवसायी से आठ हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित व्यवसायी ने इटियाथोक थाने में चार लुटेरों के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, पुलिस का कहना है कि उसे घटना की जानकारी नहीं है और न ही किसी ने लूट की तहरीर दी है।
इटियाथोक थाना क्षेत्र के बाबागंज मार्ग पर स्थित रमवापुर नायक तिराहे के पास रहने वाले राकेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि वह अपने घर में ही मेडिकल स्टोर चलाते हैं। राकेश के मुताबिक शुक्रवार को दोपहर दो बाइकों से आए चार लोगों ने उनसे सिर दर्द की दवा मांगी।
जब उसने दवा दे दी तो उन लोगों ने दवा खाने के लिए पानी मांगा। दवा खाने के बाद उसे पांच सौ रुपये का नोट दिया। राकेश ने बताया कि रुपये वापस करने के लिए जब उसने काउंटर का दराज खोला तो उनमें से दो लुटेरों ने उसके सिर पर तमंचा सटा दिया और दराज में रखे आठ हजार रुपये लूट लिए।
इसके बाद लुटेरे धमकी देकर भाग निकले। दिनदहाड़े हुई लूट की जानकारी के बाद मौके पर तमाम लोग जुट गए। इस मामले में राकेश कुमार विश्वकर्मा ने इटियाथोक थाने में चार लुटेरों के खिलाफ तहरीर दी है।
वहीं, इटियाथोक थाने के इंस्पेक्टर इंतखाब खां का कहना है कि उन्हें लूट की कोई जानकारी नहीं है और न ही किसी ने उन्हें तहरीर दी है।