भिखारीपुर गांव के मजरे छोटी सिंह पुरवा के शिव मंदिर से शुक्रवार की रात प्रसाद लेकर घर लौट रहे एक दलित युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। शनिवार की सुबह उसका शव शिव मंदिर के समीप पड़ा मिला।
गांव वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में युवक की मां ने थाना तरबगंज एक व्यक्ति के खिलाफ हत्या व एससीएसटी एक्ट के तहत नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना तरबगंज क्षेत्र के भिखारीपुर गांव के मजरे छोटी सिंह पुरवा की रहने वाली दलित महिला ज्ञानमती ने बताया कि शुक्रवार को शिवरात्रि पर गांव के शिव मंदिर में पूजन-अर्चन के बाद प्रसाद वितरण चल रहा था।
ज्ञानमती के मुताबिक उसका बेटा हेमराज (23) भी शुक्रवार की रात गांव के शिव मंदिर पर प्रसाद लेने गया था। मगर वह देर रात तक घर वापस नहीं लौटा। सुबह उसका शव मंदिर के पास मिला। ज्ञानमती ने बताया कि उसका बेटा घर वापस लौट रहा था तभी शिवमंदिर और प्राथमिक विद्यालय भिखारीपुर के मध्य उसके गांव के ही रहने वाले करन सिंह ने रंजिश में उसके बेटे को पहले मारापीटा और बाद में उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी।
शनिवार की सुबह हेमराज का शव गंाव के शिव मंदिर और प्राथमिक विद्यालय के मध्य पड़ा मिला। गांव वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में ज्ञानमती ने थाना तरबगंज में करन सिंह के खिलाफ हत्या व एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।