आपसी रंजिश को लेकर रविवार को सुबह उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के सोनौली मोहम्मदपुर गांव के मजरा लाला दीवान पुरवा में एक व्यक्ति ने अपने ही चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। इस मामले में उमरीबेगमगंज थाने में तीन सगे भाइयों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के सोनौली मोहम्मदपुर गांव के मजरा लाला दीवान पुरवा के रहने वाले अकबाल बहादुर श्रीवास्तव ने बताया कि उसकी चचेरे भाइयों आनंद कुमार श्रीवास्तव से आपसी रंजिश चल रही थी।
अकबाल बहादुर के मुताबिक शनिवार की शाम उसका छोटा भाई अजय कुमार श्रीवास्तव (45) गेहूं की फसल की सिंचाई के लिए गांव के रमेश घरुख के घर उसे बुलाने गया था।
दोनों के बीच हुई बातचीत के बाद रमेश ने रविवार की सुबह सिंचाई करने का वादा किया था। मगर वह सुबह नहीं आया तो अजय उसे बुलाने उसके घर गया।
वहां पता चला कि रमेश आनंद की भैंस लेकर चराने गया है। इसको लेकर अजय ने रमेश के घर वालों से विरोध किया। अकबाल बहादुर ने बताया कि इसी को लेकर आनंद और उसके भाई अजय से भिड़ गए।
शोर सुनकर परिवारीजन दौड़े। इसी बीच आनंद ने तमंचा निकालकर अजय को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल लाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
इस मामले में अजय के बड़े भाई अकबाल बहादुर ने उमरीबेगमगंज थाने में आनंद कुमार श्रीवास्तव, उसके भाई विमल कुमार श्रीवास्तव व कमल कुमार श्रीवास्तव के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थानाध्यक्ष उमरीबेगमगंज विनय कुमार सरोज ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।