बनारस से सोमवार को पेशी पर यहां लाए गए एक कैदी की पत्नी से मुलाकात करने की बात को लेकर कैदी की सुरक्षा में लगे सिपाही से मारपीट हो गई। इसमें परिवार के लोग भी कैदी की ओर से मारपीट करने लगे। जिसमें कैदी व सिपाही को चोटें आई हैं। पुलिस ने सिपाही से मारपीट करने के आरोप में कैदी को गिरफ्तार कर रिमांड के लिए अदालत में याचना की है।
इस मामले में कैदी की सुरक्षा में लगे सिपाही ने कैदी समेत तीन लोगों को नामजद करते हुए 12 अन्य के खिलाफ कोतवाली नगर में मारपीट व सरकारी कर्मचारी पर हमला व सरकारी काम में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मोतीगंज थाना क्षेत्र के पेड़ारन गांव का रहने वाला श्याम लाल वर्मा हत्या के एक मामले में वर्ष 2011 से गोंडा के जिला कारागार में सजा काट रहा था। जेल प्रशासन ने उसे जुलाई 2015 में बनारस जेल ट्रांसफर कर दिया था।
सोमवार को श्यामलाल को सुरक्षा में पेशी पर गोंडा लाया गया था। यहां श्यामलाल की पत्नी सुशीला देवी और उसके संबंधी अदालत परिसर में उससे मिलने आए थे।
पत्नी से मुलाकात करने की बात को लेकर कैदी श्यामलाल की सुरक्षा में लगे सिपाही जासव कुमार और कैदी में मारपीट हो गई।
सिपाही जासव कुमार का आरोप है कि मारपीट के दौरान कैदी, उसकी पत्नी सुशीला देवी और साथी पटेल नगर निवासी वंशराज वर्मा समेत कई लोगों ने उसे पीटा।
वहीं कैदी की पत्नी सुशीला का आरोप है कि सिपाही जासव ने उसके पति को मारपीट कर चोटिल कर दिया। बवाल की सूचना पर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार यादव, अपर पुलिस अधीक्षक रवीन्द्र कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अरुण कुमार शुक्ल, सीओ सिटी डॉ. राजेश त्रिपाठी व कोतवाल नगर अभय प्रताप मल्ल मौके पर पहुंचे।
एएसपी ने बताया कि सिपाही से मारपीट के आरोपी कैदी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में सुरक्षाकर्मी जासव कुमार ने कोतवाली नगर में कैदी श्यामलाल वर्मा, उसकी पत्नी सुशीला देवी, वंशराज वर्मा व 12 अन्य के खिलाफ मारपीट, सरकारी कर्मचारी पर हमला करने व सरकारी काम में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उधर कैदी श्यामलाल की पत्नी सुशीला ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी सिपाही जासव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।