गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान बुधवार को अराजकतत्वों के पथराव और आगजनी करने से यहां शहर सुलगता रहा। वहीं, उपद्रव को रोकने के लिए शहर के चौक क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस व पीएसी गुरुवार को तैनात रही। चौक क्षेत्र को बुधवार की रात से ही सील कर दिया गया। इस क्षेत्र में किसी को भी घुसने की इजाजत नहीं दी गई।
चौक की तरफ जाने वाले सभी रास्तों पर पुलिस शहरवासियों की निगहबानी करती रही, मगर गुरुवार की दोपहर बाद प्रशासन सांसदों पर मेहरबान हो गया।
भारी लाव लश्कर के साथ भाजपा के एक पूर्व सांसद व दो सांसदों को एकता चौक तक आने से नहीं रोका गया। इससे चौक में एक बार फिर भारी लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
हालांकि डीएम और एसपी ने दुकानदारों व आम लोगों से मुलाकात करते समय सांसदों की वीडियोग्राफी कराई है। गुरुवार को शहर में दुकानों के शटर नहीं उठे।
उपद्रव के चलते दूसरे दिन भी लोग दहशतजदा रहे। डर के चलते इक्का-दुक्का लोग ही घरों से निकले।