फैजाबाद जिले के बीकापुर कस्बा व तारून थाना क्षेत्र के रहने वाले खुशीराम मिश्रा पुत्र हरिराम बीते पंद्रह वर्षों से बाराबंकी शहर मेें विकास भवन मार्ग आवास विकास कालोनी में रहते हैं। यह आवास विकास मेें ही सब्जी की दुकान लगाते है। बुधवार सुबह व्यापारी खुशीराम सब्जी लेने के लिए घर से निकले थे। इसके बाद करीब 6 बजे सुबह वह देवा तिराहे के पास पहुंचे और वहां पर वाहन का इंतजार करने लगे।
इस बीच एक जीप पर सवार कुछ लोग पहुंचे और व्यापारी से कहा कि हमारे साथ मंडी तक चले चलो। व्यापारी जीप मेें बैठकर जाने लगा तभी जीआईसी के पास पहुंचने पर ही बदमाशों ने व्यापारी की जीप के अंदर ही पिटाई शुरू कर दिया। इस दौरान व्यापारी ने शोर मचाया और जीप से कूदने का प्रयास किया पर सफल नहीं हो सका।
इसके बाद बदमाश व्यापारी को लेकर हाईवे बाईपास पर पहुंचे और वहां पर उसके पास मौजूद 31 हजार रुपये की नकदी व एक मोबाइल फोन लूट लिया व चलती जीप से व्यापारी को हाईवे पर फेंककर फरार हो गए। बदमाशों के चंगुल से छूटने के बाद व्यापारी किसी तरह मंडी पहुंचा। जहां पर व्यापारी नेता ताज बाबा राईन ने घायल व्यापारी को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
व्यापारी ने अपने साथ हुई घटना की शिकायत 100 नंबर पर पुलिस को दी, लेकिन कोई पुलिस कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। कोतवाल अनिरुद्ध कुमार सिंह का कहना है कि अभी उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है। कहा मामले की जांच कर कार्रवाई होगी।
बदमाशों के साथ एक महिला भी
जिस जीप पर बैठाकर व्यापारी से लूट हुई। उसमें कुल 6 लोग व एक महिला भी सवार थी। व्यापारी ने बताया कि महिला भी बदमाशों के गिरोह में ही शामिल थी। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से किए जाने की बात कही है लेकिन पुलिस ने अभी तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है।