थाना क्षेत्र के सुसेला गांव में बीती रात चोरों ने एक घर की पिछली दीवार में लगी खिड़की तोड़कर करीब दो लाख रुपये के जेवरात पार कर दिए। इस मामले में तरबगंज थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
तरबगंज थाना क्षेत्र के सुसैला गांव के रहने वाले सुरजीत सिंह ने बताया कि शनिवार की रात वह परिवारीजनों के साथ घर के बाहर सो रहे थे। तभी देर रात चोरों ने घर की पिछली दीवार में लगी खिड़की तोड़ दी और कमरे में रखी अटैची उठा ले गए।
सुरजीत ने बताया कि अटैची में सोने की अंगूठी, चेन, मंगलसूत्र, झुमकी, मांगवेंदी, करधनी व चांदी की पाजेब रखी थी। रविवार सुबह जब वह सभी लोग सोकर उठे तो घर में चोरी होने की जानकारी हुई। चोरों ने अटैची तोड़कर जेवरात व कपड़े निकालने के बाद अटैची घर से दो सौ मीटर की दूरी पर स्थित एक खेत में फेंक दी।
सुरजीत सिंह ने तरबगंज थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। उन्होंने चोरी गए जेवरों की कीमत दो लाख रुपये बताई है। थाना तरबगंज के प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।