गोंडा-बहराइच मार्ग पर इमरती विसेन गांव के पास बुधवार देर रात ट्रक से कुचलकर बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस ट्रक को कोतवाली ले आई है।
कौड़िया थाना क्षेत्र के बनगाई गांव निवासी सतीशचंद्र तिवारी का बेटा सूर्यनरायन तिवारी (20) गांव के ही रहने वाले अपने साथी दद्दन के साथ बुधवार की शाम बाइक से मुख्यालय आया था।
यहां से वह देर रात वापस घर लौट रहा था। जब वह दोनों गोंडा-बहराइच मार्ग पर नगर कोतवाली क्षेत्र के इमरती विसेन गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी।
इससे दद्दन दूर जा गिरा और ट्रक ने सूर्य नरायन को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव वाले दौड़े तो चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ट्रक को कोतवाली ले आई है। चौकी प्रभारी मिश्रौलिया मुकेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।